मोहाली। वीआईपी शहर में नगर निगम चुनाव का प्रचार काफी आधुनिक हो गया है। सभी नेता किसी न किसी तरीके से हर घर में एंट्री करने की कोशिश कर रहे हैं। हालत यह है कि नेताजी अब तो गुड मार्निंग से लेकर गुड ईवनिंग के मैसेज तक करना हीं भूल रहे हैं। चुनाव प्रचार में सोशल मीडिया का भी खूब इस्तेमाल हो रहा है। नेता अपने वादों से लेकर अपने द्वारा करवाए कामों का खूब बखान कर रहे हैं। इस काम में उम्मीदवारों के पारिवारिक सदस्य भी जुटे हुए हैं। सभी का उद्देश्य यही है कि लोगों का दिल जीतकर नगर निगम में पहुंचा जाए।
दादी डोर-टु-डोर, तो पोते-पोतियां संभाल रहे सोशल मीडिया
वार्ड-13 से करीब 74 साल की बुजुर्ग प्रकाशवति चुनावी मैदान में हैं। वह खुद पूरा दिन सुबह से लेकर शाम तक डोर- टू-डोर प्रचार कर रही हैं। इस काम में उनके पारिवारिक सदस्य और उनके मोहल्ले वाले भी साथ चल रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनका प्रचार चल रहा है। इस काम को उनके पोते-पोतियां संभाल रही हैं। वह उनके कामों को व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर सभी तरीकों से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रकाशवति के बेटे ने कहा कि उनकी माता के काम को लोग परख चुके हैं, लेकिन चुनाव में हर उम्मीदवार अपना प्रयास करता है।
‘आप’ उम्मीदवार ने खुद संभाली कमान
वार्ड-चार से आजाद और ‘आप’ के सांझे उम्मीदवार अतुल शर्मा काफी समय तक विदेशों में रहे हैं। उन्होंने वहां पर पढ़ाई से लेकर नौकरी तक की है। अतुल मानते हैं कि उनकी ताकत वह लोग हैं, जो हर कदम पर उनका साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि फेसबुक और व्हाट्सएप पर प्रचार जरूरी है, ताकि जो लोग वैसे अपने काम में व्यस्त रहते हैं, वे जान पाएं कि उनके क्षेत्र में क्या चल रहा है। उन्होंने बताया कि वह सोशल मीडिया का काम खुद देखते हैं।
हाईटेक प्रचार समय की जरूरत
मनप्रीत कौर वार्ड-19 से ‘आप’ और आजाद के सांझे उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। हालांकि परिवार में उनके ससुर पार्षद रह चुके हैं, जो चुनाव प्रचार में उनकी काफी मदद करते हैं। पढ़ी-लिखी उम्मीदवार होने के नाते वह टेक्नोलॉजी के साथ चल रही हैं। उनका कहना है कि डोर-टु-डोर जाने वाला फार्मूला हमेशा काम करता है। लेकिन आज हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है। ऐसे में हाईटेक प्रचार करना समय की जरूरत है।
लोगों से सीधे संवाद का माध्यम
तरुणजीत सिंह ने बताया कि वह वार्ड-22 से आजाद उम्मीदवार हैं। एक नौजवान उम्मीदवार होने के नाते वह सोशल मीडिया का प्रचार खुद संभालते हैं। हर मुद्दे को कैसे प्रशासन तक पहुंचाना है इसकी जानकारी है। व्हाट्सएप तो पहले के चुनावों तक इतना लोकप्रिय नहीं था, लेकिन आज यह लोगों से संवाद करने का सबसे आसान तरीका है। लोगों से संपर्क साधने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
सोशल मीडिया प्रचार पर पूरा ध्यान
वार्ड-43 से जसबीर कौर चुनाव मैदान में उतरी हैं। वह चुनाव प्रचार के लिए खुद लोगों के घरों में जा रही हैं। उनके उनके पति गुरूदीप सिंह भी पूरा साथ दे रहे हैं। साथ ही वह टेक्नोलॉजी से भी जुड़े हुए हैं, क्योंकि आज के समय में लोग सोशल मीडिया पर ही रहते हैं। किसी भी उम्मीदवार की जानकारी लोगों को सोशल मीडिया से मिल जाती है। इसलिए हम लोग पूरा ध्यान रखते हैं कि टेक्नोलॉजी की मदद से भी हम लोग तक पहुंच सकें।
हर कदम पर मिला पति का सहयोग
वरिष्ठ अकाली नेता कुलदीप कौर कंग 15 सालों से पार्षद हैं। वह वार्ड-पांच से चुनाव लड़ रही हैं। उनका कहना है कि मोहाली के लोग पढे़-लिखे हैं। ऐसे में लोगों से सीधे जुड़ने के लिए वह हर संचार साधन प्रयोग करती हैं। उनके पति अरविंदर सिंह इस काम में उनका पूरा सहयोग करते हैं। कुलदीप कौर कंग ने बताया कि यह सबसे आसान तरीका है। इसी बहाने जहां वह अपनी बात लोगों तक पहुंचा पाती है, वहीं लोगों की राय भी पता चल जाती है।