खरड़। खरड़ लांडरा रोड़ पर स्थित भुरू चौक के पास मंगलवार को टिप्पर की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से महिला के शव को उठाने में लगभग आधा घंटा लग गया। इस कारण काफी समय तक इस सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालक कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसे रहे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरमेल कौर (70) भुरू चौक के पास सड़क पार कर रही थी कि लांडरा की ओर से आ रहे एक टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी। मृतक के परिजनों ने बताया कि उनकी मां बैंक से पैसे निकाल कर दवा लेने के लिए आई थी, जब वह वापस घर लौट रही थी तो अचानक टिप्पर चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार 108 एुबुलेंस को फोन करके घटनास्थल से शव को उठाने के लिए कहा गया परंतु उन्होंने शव उठाने से मना कर दिया। जिस कारण लगभग आधा घंटा महिला का शव सड़क पर पड़ा रहा। बाद में शव को नजदीकी शर्मा अस्पताल की एुबुलेंस से सरकारी अस्पताल खरड़ ले जाया गया। खरड़ सिटी पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।