मोहाली। फेज-7 में रात के समय सैर कर रहे 74 वर्षीय बहादुर लाल शर्मा को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 11 बजे चावला पेट्रोल पंप के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर जा गिरे। फॉर्च्यूनर चालक घायल बहादुर लाल शर्मा को सिविल अस्पताल फेज-6 ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। मटौर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे राजेश शर्मा की शिकायत पर अज्ञात फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को हादसे में शामिल गाड़ी का नंबर मिल गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।