नयागांव। मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय कश्मीरी बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसा उस समय हुआ जब श्री श्याम फैशन मार्ट के सामने सड़क के दूसरी ओर एक पुरानी इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा सड़क किनारे खड़े रेहड़ी-फड़ी वालों पर आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रशासन की ओर से पहले भी लोगों को उस स्थान से हटने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुछ लोग वहीं डटे रहे। अचानक दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे बुजुर्ग को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान गुल मोहम्मद मलिक (70) निवासी गांव भूग्राम, जिला गुलग्राम (कश्मीर) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब ढाई महीनों से नयागांव में सूखे मेवों की रेहड़ी लगाकर रोजी-रोटी कमा रहे थे। हादसे में संतोष और रवि किशन नामक दो अन्य रेहड़ी संचालकों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 स्थित अस्पताल भिजवा दिया है। परिजनों को सूचना दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।