लालड़ू। लालड़ू-हंडेसरा लिंक मार्ग पर स्थित जौलाकलां चौक के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि उसका पिता घायल हो गया। आठ वर्षीय प्रिया पुत्री उमेश कुमार बिहार के निवासी थी। वर्तमान में परिवार के साथ गांव मलिकपुर में किराए पर रह रहे थे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। एसआई जीवन सिंह ने बताया कि उमेश कुमार अपनी बेटी के साथ बाइक पर अपने रिश्तेदार के पास जा रहा था। जैसे ही वह जौलाकलां चौक पर पहुंचा तो एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने उमेश कुमार के बयान पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।