नयागांव। न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र में रविवार सुबह मंदिर से लौट रही गुरपाल कौर से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की बालियां झपट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
बांसैपुर निवासी गुरपाल कौर तीड़ा स्थित मंदिर से घर लौट रही थीं। बांसैपुर-तीड़ा सड़क पर बाइक सवार युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके कान से बालियां छीन लीं। अचानक हुई इस घटना से गुरपाल कौर घबरा गईं। उन्होंने परिवार और पुलिस को सूचना दी। थाना मुल्लांपुर में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है।