नयागांव। मुल्लांपुर क्षेत्र में पड़ते गांव माजरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े करीब साढ़े 10 बजे यूनियन बैंक के सुरक्षाकर्मी ने बैंक में आए युवक मनवीर सिंह उर्फ मनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में सुरक्षाकर्मी गुरिंदर सिंह को शुक्रवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी गुरिंदर सिंह को शनिवार खरड़ अदालत में पेश किया गया। अदालत में पुलिस ने आरोपी का पांच दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड को मंजूरी दी। वहीं दूसरी ओर मनवीर का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जिसका गांव में दाह संस्कार कर दिया है। बताया जा रहा है कि मनवीर पीजीआई में नौकरी करता था। वह माता-पिता मां का इकलौता बेटा था उसे अपने पिता की जगह नौकरी मिली थी। मनवीर की एक विवाहित बहन है। मनवीर की मौत की खबर उसकी मां को देर शाम को दी गई। वह बेहद सदमे में है और गांव में मातम का माहौल है।
बता दें कि मनी अपने दोस्त काकू और उसकी मां प्रदीप कौर के साथ माजरा गांव में यूनियन बैंक में आया था। यूनियन बैंक में प्रदीप कौर व उसके विकलांग बेटे का खाता है जहां उनकी पेंशन आती है। उसकी माता के खाते में बार-बार चार्ज लग रहा था, जिस कारण खाते से पैसे कट रहे थे। इसकी जानकारी के लिए मनी अपने साथी काकू के साथ बैंक आया था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मनी एक दो बार जानकारी लेने बैंक गया था। उस समय भी उनकी सुरक्षाकर्मी से बहस हुई थी। शुक्रवार को जब मनी मां और दोस्त काकू साथ बैंक गया तो कैश काउंटर पर उनकी कैशियर से बहस हो गई। कैशियर ने सुरक्षाकर्मी गुरिंदर सिंह से उन्हें बैंक से बाहर निकालने के लिए कहा। गुरिंदर उन्हें बैंक से बाहर निकालने लगा तो मनी की सिक्योरिटी गार्ड से बहस हो गई। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पहले सिक्योरिटी गार्ड दोनों युवकों से तीखी बहस कर रहा है और उसके बाद दोनों युवकों को बैंक में घुसने नहीं दिया गया। बैंक के अन्य स्टॉफ ने बीच बचाव कर दोनों युवकों को बाहर निकाल दिया और कुंडी लगा ली। स्टॉफ कर्मचारी सिक्योरिटी गार्ड गुरिंदर सिंह को रोकते हुए भी नजर आ रहे हैं लेकिन गुरिंदर सिंह बैंक से बाहर निकला जिसने अपनी गन लोड की और मनी पर फायर कर दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
कोट्स
आरोपी को आज खरड़ कोर्ट में पेश किया था। वह दो दिन के पुलिस रिमांड पर है।
धर्मवीर सिंह, डीएसपी मुल्लांपुर गरीबदास न्यू चंडीगढ़