शहर के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक विजेता खिलाड़ियों को अब कैश अवाॅर्ड के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चंडीगढ़ प्रशासन के खेल विभाग ने कैश अवाॅर्ड आवेदन के लिए ई-पोर्टल शुरू करने का निर्णय लिया है। कुछ दिनों में इसे लांच कर दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को जल्द इनाम का पैसा मिल सकेगा। इसके बाद नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर चंडीगढ़ का नेतृत्व करने वाले खिलाड़ियों को दो महीने के अंदर यूटी की नई खेल नीति के तहत कैश अवाॅर्ड मिल जाएगा। इस नई व्यवस्था से खिलाड़यों को बार-बार आवेदन नहीं करना पड़ेगा। नेशनल और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के खत्म होते ही उस खेल का संबंधित कोच पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का पूरा ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर देगा। इसके बाद खेल विभाग ब्योरे के आधार पर खिलाड़ियाें का कैश अवाॅर्ड उनके खातों में जमा करवा देगा। खिलाड़ियों से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड अब पोर्टल पर हर समय अपडेट रहेगा।
पहले करना पड़ता था इंतजार
इससे पहले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बाद चंडीगढ़ को नेतृत्व करते हुए मेडल जीतने के बाद खिलाड़ियों को कई बार कैश अवाॅर्ड के लिए कई तरह की प्रक्रियाओं से होकर गुजरना पड़ता था, जिसमें कई महीनों का समय लग जाता था। ई-पोर्टल के बनने के बाद अब कोचों को भी सही समय पर कैश अवाॅर्ड मिल सकेगा।