मोहाली। बलौंगी निवासियों की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आम आदमी क्लीनिक की मांग शनिवार को पूरी हो गई। गांव में बने आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सौंप दिया गया है। इस क्लीनिक का उद्घाटन विधायक कुलवंत सिंह की ओर से किया जाना था, लेकिन किसी कारण से वह नहीं पहुंच सके। इस पर उनके सुपुत्र एवं पार्षद सरबजीत सिंह समाना ने क्लीनिक का उद्घाटन किया।इस मौके पर पार्षद सरबजीत सिंह समाना ने कहा कि अब छोटी-मोटी बीमारियों के लिए गांव निवासियों को फेस-6 के सिविल अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब उन्हें अपने इलाके में ही आम आदमी क्लीनिक में स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया था और इसके बाद उन्होंने खबर का संज्ञान लेते हुए बलौंगी में आम आदमी क्लीनिक खोलने की तैयारी शुरू की थी। इस मौके पर सरबजीत सिंह समाना ने कहा कि इस क्लीनिक में आने वाले मरीजों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवाएं देने और हर चीज उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके उनके साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा आप नेता भी मौजूद रहे।
बता दें कि इस गांव और कॉलोनी में कोई भी सरकारी अस्पताल या क्लीनिक नहीं था, इस वजह से लोगों को हर छोटी-मोटी बीमारी के लिए सिविल अस्पताल या निजी अस्पताल में जाना पड़ता है। इसके अलावा इलाके में कुछ झोला छाप डॉक्टर्स और बंगाली बाबा भी इलाज करते हैं जिनके पास मरीजों की कतारें लगती हैं।