मोहाली। शापिंग स्ट्रीट फेज-7 की मुख्य सड़क पर कनाल हाउस मकानों में एक घर के सामने खड़े एक हरेभरे 20 फीट ऊंचे पेड़ को नगर निगम की पेड़ों की प्रूनिंग करने वाली टीम ने पूरी तरह से काट दिया है। हैरानी की बात ये है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सख्त निर्देशों के बावजूद इस हरे पेड़ को नगर निगम ने ही कटवा दिया है। शुक्रवार को इस कार्रवाई को नगर निगम की टीम की ओर से उस समय अंजाम दिया गया और जब वह मशीन के जरिए पेड़ की प्रूनिंग कर रही थी। इस पेड़ को काटे जाने का मौके पर एक व्यक्ति की ओर से वीडियो भी बनाया गया है जो कि इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि नगर निगम का कर्मचारी प्रूनिंग मशीन पर चढ़कर इस करीब 20 फीट ऊंचे पेड़ को काट रहा है।
इस संबंधी पर्यावरण संरक्षण सोसाइटी के महासचिव आरएस बैदवान ने कहा है कि नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से पेड़ को काटना एक हत्या है और इसमें पूरी क्रूरता बरती गई है। उन्होंने कहा कि यह एक कानूनी अपराध है और जिस व्यक्ति ने यह पेड़ कटवाया है और जिस कर्मचारियों ने यह पेड़ काटा है, उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। दूसरी और इस संबंध में संपर्क करने पर नगर निगम के मुख्य अभियंता नरेश बत्ता ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है और वह इस मामले की जांच कराएंगे और इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।