जीरकपुर। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्ती बरत कर कार्रवाई कर रही है। इसके मद्देनजर रविवार को ट्रैफिक पुलिस जीरकपुर के प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह की अगुवाई में जगह-जगह नाके लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इस संबंधी सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने बताया कि यह चालान चंडीगढ़ सीमा पर बैरियर की ओर से शुरू किए गए थे और मेकडी चौक तक विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रविवार को की गई कार्रवाई में चंडीगढ़ की ओर से उत्तर प्रदेश में जाने वाली बसें जो कि अवैध रूप से चल रही थीं उनके चालान किए गए, इसके अलावा गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों के भी चालान किए गए। इसी दौरान पूर्व विधायक एनके शर्मा के दफ्तर के पास और मेकडी चौक के पास गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के भी चालान किए गए। सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह के अनुसार अब किसी भी व्यक्ति को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा और लोगों को चंडीगढ़ की तर्ज पर जीरकपुर में भी नियमों का पालन करना होगा वरना उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।