जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर मेट्रो मॉल के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास ओवरफ्लो होकर ड्रेन का गंदा पानी लंबे समय से सड़क पर फैल रहा है। इससे आसपास दुर्गंध का आलम है। इस पर मच्छर भी पनप रहे हैं। सड़क भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की है। इससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
सुरेंद्र कुमार, कुलजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, राहुल ने बताया कि लंबे समय से इस सड़क पर गंदगी का आलम है। लोगों का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। दोपहिया वाहन चालक जब यहां से गुजरते हैं, तो उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। इससे कई बार लड़ाई-झगड़ा भी हो जाता है।
यह ड्रेन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की है, जिसमें से गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण यही है कि लोगों द्वारा इस ड्रेन में गैर कानूनी तरीके से सीवर के कनेक्शन डाले हुए हैं। इस संबंध में नगर परिषद जीरकपुर के अधिकारियों से संपर्क किया हुआ है। जल्द ही सारे के सारे अवैध सीवर कनेक्शन जो इस ड्रेन में जुड़े हैं, उन्हें बंद करवा देंगे। इसके अलावा फुट ओवरब्रिज बनाते समय ड्रेन का कुछ हिस्सा डैमेज हो गया था, उसे ठीक करने का टेंडर भी लगा दिया गया है। इसे ठीक करने के बाद सर्विस रोड को भी बनाया जाएगा और सारी समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा। -आसिम बांसल, अधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण