जीरकपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए जीरकपुर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। त्योहारों के मौसम में बढ़ती भीड़ और संभावित सुरक्षा जोखिमों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों, वीआईपी रोड पर विशेष नाके लगाए हैं। इन नाकों का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, यातायात को नियंत्रित करना और लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना है। पुलिस की कई टीमें लगातार गश्त पर हैं। जीरकपुर थाना प्रभारी एसएचओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे सहायता उपलब्ध रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जाएगी। नगर परिषद जीरकपुर और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान भी तैयार किया है। शहर के प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि दीपावली की खरीदारी और पूजा के समय लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान चोरी, झपटमारी और अन्य असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। देर रात तक विशेष पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सोसाइटी और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। वीआईपी रोड पर लगाए नाके पर पुलिसकर्मी हर गुजरने वाले वाहन की चेकिंग कर रहे हैं। दोपहिया से लेकर चारपहिया तक सभी की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने कहा कि दीपावली के दौरान शहर में अवैध पटाखों की बिक्री और नशे के सेवन को रोकने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।