मोहाली। सनेटा गांव के पास रास्ता देने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद दो युवकों ने एक परिवार की कार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चला रही युवती और उसके भाई के साथ मारपीट भी की गई। सोहाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊना, हिमाचल प्रदेश की नीरू ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी पूर्वा ठाकुर और बेटे राघव के साथ सोहाना अस्पताल से बनूड़ जा रही थीं। उनकी बेटी पूर्वा कार चला रही थी। लांडरां की ओर से आ रही एक अन्य कार के चालक ने लगातार हॉर्न बजाकर रास्ता मांगा। पूर्वा ने सनेटा गांव के पास कार सड़क किनारे कर दी। आरोप है कि कुछ दूरी पर जाकर दूसरी कार सड़क के बीच में रोक दी गई। इसके बाद दो युवक लोहे की रॉड लेकर बाहर निकले और टाटा नेक्सन पर हमला कर दिया। उन्होंने कार के शीशों और बॉडी पर कई वार किए, जिससे आगे-पीछे की विंडशील्ड, छत और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई।
युवती से बदसलूकी, भाई से मारपीट
आरोपियों ने पूर्वा के साथ गाली-गलौज की और उसे ड्राइविंग सीट से बाहर खींचने का प्रयास किया। यह देखकर पीछे बैठे उसके भाई राघव ने बहन को बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने राघव के साथ भी मारपीट की और उसे कार से बाहर खींच लिया। परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद दोनों युवक परिवार को धमकाते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी सिमरजीत शेरगिल ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।