घायल डेराबस्सी के अस्पताल में भर्ती, घायल के बाजू व छाती में लगा है चाकू, घायल कपूरथला निवासी है
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। भबात क्षेत्र में शिवा एन्क्लेव में दोपहर करीब दो बजे तीन युवकों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया और मौके से भाग गए। बताया जा रहा है कि नशे को लेकर सभी लोग आपस में झगड़े थे। घायल युवक चाकू लगने के बाद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसका साथी एक केमिस्ट शॉप के सामने उसको छोड़कर भाग गया। इस दौरान किसी राहगीर ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर शिकायत कर वारदात की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। युवक को एंबुलेंस में बैठाने से पहले वहां मौजूद कुछ लोगों ने घायल युवक से उसका नाम और लड़ाई-झगड़े का कारण पूछा तो उसने अपना नाम इंदर निवासी कपूरथला बताया और बताया तम वह जीरकपुर में फुटपाथ पर ही सोता है।
वहां मौजूद लोगों ने बताया के घायल युवक ने खुद भी नशा किया हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस हेल्पलाइन के टीम के इंचार्ज नीरज कुमार ने बताया के 112 नंबर पर झगड़ा होने की सूचना मिली थी। जब मौके पर पहुंचे तो इंदर नामक युवक जिसे चाकू लगा हुआ था वह घायल हालत में शिवा एन्क्लेव में एक केमिस्ट शॉप के बाहर लेटा हुआ था। जिसे लोगों की मदद से एंबुलेंस में बिठाकर डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस को मौके पर युवक के पास से नशा या कोई नशीली चीज नहीं मिली है।जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया के घायल युवक डेराबस्सी अस्पताल में दाखिल है। जहां उसका इलाज चल रहा है। इलाज के बाद युवक का बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी ने बताया कि जरूरत पड़ी तो युवक का डॉप टेस्ट भी करवाया जाएगा।