मोहाली। अब खरड़ से न्यू चंडीगढ़ को जाने वालों की दूरी दो माह के भीतर खत्म होने वाली है। गमाडा द्वारा इस सड़क का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है और दो माह के भीतर यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। खरड़ की ओर से आने वाली यह सड़क शुरू होगी सेक्टर-120/125 सन्नी एनक्लेव की डिवाइडिंग रोड से और खत्म होगी न्यू चंडीगढ़ की पीआर-4 रोड मुल्लांपुर पर। इस सड़क के तैयार होने के बाद खरड़ और न्यू चंडीगढ़ के बीच की दूरी पांच किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके साथ ही इस एरिया में होने वाला ट्रैफिक का प्रेशर भी कम हो जाएगा। इतना ही नहीं, न्यू चंडीगढ़ की ओर जाने वालों को इस नई रोड के बनने के बाद चंडीगढ़ होकर नहीं जाना होगा। इसके साथ ही यह रोड चंडीगढ़, अंबाला और नई दिल्ली के ट्रैफिक को सीधे बद्दी और हिमाचल प्रदेश के रास्ते तक पहुंचाएगी। वैसे, इस प्रोजेक्ट के लिए मई 2021 का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन कुछ बाध्यताओं की वजह से प्रोजेक्ट में देरी हुई। विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रोजेक्ट करीब 150 करोड़ का है। इसके लिए ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी ने जंडपुर, हसनपुर, बाहावालपुर, सैनी माजरा और सैनी माजरा के गांव में जमीन अधिग्रहीत की थी। जनवरी 2024 को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पल्हेरी गांव में कंस्ट्रक्शन से स्टे हटा लिया था। गमाडा के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गुरजीत सिंह ने बताया कि सड़क के कंस्ट्रक्शन का काम तेजी के साथ चल रहा है और हमारा प्रयास है कि यह दो माह में पूरा हो जाए।