सिंहपुरा चौक की जीबीपी बिल्डिंग में मिल चुके हैं पांच शव, लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और इमारतों के रास्ते बंद करने की उठाई मांग
जीरकपुर। शहर की खाली और खंडहर इमारतें नशेड़ियों तथा असामाजिक तत्वों का ठिकाना बन गई हैं। इन इमारतों में नशे के सेवन के साथ अन्य गैरकानूनी गतिविधियां भी हो रही हैं। सिंहपुरा चौक स्थित जीबीपी ग्रुप की एक व्यावसायिक इमारत में अब तक पांच शव मिल चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इन ठिकानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और इमारतों में बाहरी लोगों की आवाजाही रोकने की मांग की है। रामगढ़ भुड्डा गांव में जीबीपी ग्रुप का एक रिहायशी प्रोजेक्ट भी खाली पड़ा है। यहां नशे के सेवन और देह व्यापार जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आई हैं। बिग बाजार के सामने खाली दुकानों में भी नशे के इंजेक्शन और एक शव मिला था। मृतक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई थी। पंचकूला रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के पास एक खंडहर होटल में भी नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। बलटाना और ढकोली के नेचर पार्क भी नशेड़ियों के ठिकाने बन गए हैं। लोगों का कहना है कि ये स्थान आम रास्तों के पास होने के बावजूद इन पर रोक नहीं लग पा रही। संवाद
बेसमेंट में हादसे और लोगों की चिंताएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, जीबीपी की व्यावसायिक इमारत की दो मंजिला बेसमेंट में सुरक्षा दीवार नहीं है। अंधेरे के कारण नशे की हालत में लोग गिरकर घायल हो सकते हैं। कश्मीरा सिंह खालसा सहित कई निवासियों ने बेसमेंट के खुले रास्ते बंद करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बच्चे भी इन खंडहर इमारतों में खेलने चले जाते हैं, जिससे उनकी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
मुझे इस संबंध में जानकारी मिली है। हम इस तरफ अपना प्लान बना रहे है। एक तो पुलिस गश्त बढ़ा दी जाएगी और बिल्डिंगों में आने जाने वाले लोगों को रोका जाएगा। बाकी प्रशासन से मिलकर इस तरफ कोई ठोस कदम उठाया जाएगा ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। -सुखविंदर सिंह गिल्ल, एसएचओ जीरकपुर।