जीरकपुर। ढकोली रेलवे फाटक जरूरी मरम्मत के लिए चार दिन तक बंद रहेगा। रेलवे विभाग की ओर से फाटक की मरम्मत की जाएगी और सड़क के बीच लगी टाइल्स को उखाड़कर दोबारा से लगाया जाएगा। रेलवे विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार रात 8 बजे तक फाटक बंद रहेगा। इसकी जानकारी रेलवे विभाग की ओर से ट्रेफिक पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रबंध किए जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात को संभालने के लिए अपने मुलाजिमों के अलावा ट्रैफिक मार्शल भी अप्वाइंट किए जाएगे। समस्या यह है कि ढकोली फाटक के बंद होने के बाद यहां आने-जाने वाले राहगीरों के लिए कोई भी वैकल्पिक रास्ता नहीं है। इस कारण लोगों दूसरे रास्तों से घूमकर आना-जाना पड़ेगा।
इन रूट्स का करें इस्तेमाल
जीरकपुर से ढकोली जाने के लिए सेक्टर-20 या पंचकूला बैरियर से घूमकर जाएं। डेराबस्सी से पंचकूला जाने वालों के लिए पहले वाली ओल्ड कालका रोड से ही जाना पड़ेगा और इसके साथ ही डेराबस्सी से आने वाले राहगीरों के लिए सिंहपुरा चौक से वाया नगला से भी ढकोली जाना आसान होगा। जीरकपुर, बलटाना या पटियाला की ओर से ढकोली जाने वाले लोगों के लिए भारी परेशानी आएगी और उनको कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ेगा।
स्कूली बच्चों और मरीजों को होगी परेशानी
ढकोली फाटक के बंद होने के कारण स्कूली बच्चों और अस्पताल में जाने वाले मरीजों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ेगी। स्कूली बसों के लिए घूमकर जाना मुश्किल हो रहा है जिसके चलते वह बच्चों को फाटक के दूसरी तरफ ही उतार कर चले जाते हैं। वहीं, अभिभावकों को पैदल बच्चों को घर ले जाना पड़ता है। इसके अलावा मरीजों व एंबुलेंस को घूमकर आने में बड़ी मुसीबत है। क्योंकि किसी मरीज को एमरजेंसी में अस्पताल पहुंचना है अगर एंबुलेंस जाम में फंस गई तो मरीज को काफी समस्या हो जाएगी। फाटक बंद होने के कारण अब लोगों को कई किलोमीटर घूमकर आना पड़ेगा। लोगों को परेशानी ना हो इस लिए रेलवे विभाग ने जानकारी के पोस्टर लगा दिए गए है और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सूचित कर दिया गया है।