जीरकपुर। पंजाब में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने पहले ही रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगा रखा है। वहीं कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस गंभीरता को देखते हुए प्रशासन कई कदम उठा रहा है। इसके मद्देनजर जीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन ने ढकोली के क्षेत्र, जिसमें पीरमुछल्ला, किशनपुरा और गाजीपुर क्षेत्र शामिल हैं, इन्हें कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक ढकोली क्षेत्र में करीब एक लाख की आबादी है। इसके बाद पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी यहां के बाजारों में दुकानों बंद करवाने के लिए पहुंचे तो बाजार में दुकानदारों के साथ आम लोगों ने भी इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया।
जिला प्रशासन को यह फैसला इस बात को देखते हुए लेना पड़ा, क्योंकि अकेले ढकोली के क्षेत्रों से करीब एक हजार कोरोना संक्रमित आ चुके हैं और यह सभी केस अभी सक्रिय हैं। इसे देखते हुए मंगलवार को सुबह से ही क्षेत्र को 22 अप्रैल तक कंटेनमेंट जोन घोषित करके यहां केवल जरूरी जन सुविधाओं को मंजूरी दी गई है। ढकोली में 15 मार्च के बाद अब तक करीब एक हजार कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं। अभी यहां पर करीब 435 केस सक्रिय हैं। पुलिस फोर्स की ओर से लाउड स्पीकर के जरिये लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति कंटेनमेंट जोन से बाहर न निकले।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ढकोली के क्षेत्रों को अचानक कंटेनमेंट जोन घोषित करने का एलान होते ही इन क्षेत्रों के दुकानदार भड़क गए और वह लोगों के साथ रोष प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए। वहीं, इन दुकानदारों ने प्रशासन पर दोहरी नीति का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पूरा क्षेत्र कंटेनमेंट जोन बनाया गया है तो शराब की दुकानें क्यों खुल रही हैं। इन दुकानदारों ने प्रशासन से शराब की दुकानों का संचालन भी बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अन्य दुकानों के मुकाबले शराब ठेकों पर अधिक भीड़ जमा हो रही है। इस दौरान कानून सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में 6 जगह नाकाबंदी कर पुलिस बल तैनात किया। यह टीमें नाकाबंदी पर 24 घंटे तीन शिफ्टों में तैनात रहेगी। वहीं दौरान आंशिक संशोधन आदेश में दूध वितरण के लिए एवं पशुचारे की दुकानें/पैट शॉप्स देने के लिए समयावधि सुबह 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित की गई है। जरूरी वस्तुओं की दुकानों के सामने सामाजिक दूरी और मास्क संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित अवधि में समान वितरित किया जाएगा।
भीड़ बेकाबू होने पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
इस मौके पर हालात बिगड़ते देखकर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और दुकानदारों को समझाया। इन अधिकारियों में एसडीएम डेराबस्सी कुलदीप बावा, एसपी (देहाती) रवजोत कौर ग्रेवाल, तहसीलदार डेराबस्सी नवप्रीत सिंह शेरगिल, डीएसपी सब डिवीजन जीरकपुर अमरोज सिंह, एसएचओ ढकोली दीपइंद्र सिंह बराड़, ईओ जीरकपुर नगर परिषद संदीप तिवारी और एमई मुकेश राय भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया। साथ ही इन अधिकारियों ने कंटेनमेंट जोन क्षेत्र में की गई नाकाबंदी के प्रबंधों का जायजा भी लिया।
कंटेनमेंट जोन क्षेत्र से गुजरने पर पाबंदी
ढकोली क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाए जाने के बाद चंडीगढ़, मोहाली और अन्य जगहों पर नौकरीपेशा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि ढकोली को कंटेनमेंट जोन बनाने के बाद लोगों पर इस क्षेत्र से होकर बाहर गुजरने पर पाबंदी लगाई गई है। ेदुकानें बंद होने के कारण खरीददारी करने पहुंचे लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा।