जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला रोड स्थित पहलवान ढाबे पर देर रात झगड़ा हो गया। ढाबा मालिक और उसके साथियों ने एक व्यक्ति पर दातर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ढकोली में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ढाबा मालिक पवन कुमार, उसके भाई मोनू उर्फ पहलवान और 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित प्रितपाल सिंह (37) मूल निवासी बटाला फिलहाल एकेएस-1 कॉलोनी जीरकपुर ने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई और चचेरे भाई के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान उसके जानकार सतविंदर सिंह ने उसे फोन कर अंबाला रोड स्थित पहलवान ढाबे पर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो सतविंदर वहां मौजूद नहीं था। ढाबे के अंदर उसने देखा कि मालिक पवन कुमार उसके भाई गुरप्रीत सिंह को धक्का दे रहा था।
जब उसने इसका विरोध किया तो पवन कुमार भड़क उठा और काउंटर में रखे लोहे के दातर से उसके सिर और बांह पर वार कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पवन कुमार का भाई मोनू उर्फ पहलवान ने भी उसके सिर पर दातर से वार किया। इसके बाद ढाबे के 10-12 कर्मचारी जो डंडों से लैस थे, वहां आ पहुंचे और उसकी पिटाई की। किसी तरह वह जान बचाकर मौके से भाग निकला। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलते ही उसका मित्र जतिंदर सिंह उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल ढकोली ले गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मेडिकल रिपोर्ट में सिर व शरीर पर चार चोटें पाई गईं, जिनमें से दो गंभीर बताई जा रही हैं। एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर केस दर्ज किया गया है।