मोहाली। फेज-3बी2 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से रविवार को कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस यात्रा में श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए। मंदिर कमेटी के प्रमुख प्रदीप गर्ग ने अपनी टीम के साथ इस धार्मिक यात्रा की अगुवाई की। श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर 23 जुलाई को मंदिर लौटेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा को मंदिर परिसर से मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच रवाना किया गया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के भोजन, ठहरने और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी ने सभी नगरवासियों से शिवरात्र के पावन अवसर पर गंगाजल अभिषेक में शामिल होने की अपील की है।