मोहाली। यंगस्टर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से फेज 2 मार्केट में 23वां सालाना श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद उठाया।
सोसाइटी के प्रधान नितेश विज और चेयरमैन हरबंस सिंह की अगुवाई में इस धार्मिक समागम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा से हुई। फेज 3ए स्थित श्री वैष्णों माता मंदिर से शुरू होकर शोभायात्रा इलाके की परिक्रमा करते हुए समागम स्थल फेज 2 में जाकर संपन्न हुई। इसके बाद दोपहर एक बजे अशोक कुमार और उनकी टीम के सदस्यों ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया।
इसके बाद मशहूर भजन गायक रोशन प्रिंस ने श्री बाला जी का गुणगान किया गया। उन्होंने राम की बात, अपना बना ले मेरे नाम समेत एक से लेकर एक सुमधुर भजन पेश किए। इनके अलावा भजन गायक मुकेश इनायत ने भी सुंदर भजन पेश किए।
इस मौके श्री बाला की पालकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। सोसाइटी के सदस्यों की ओर से श्री हनुमान जी को फूलों की पालकी में विराजमान करके पंडाल में लाया गया जिनका फूलों की वर्षा से स्वागत किया गया।
इस दौरान मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू, आप नेता विनीत वर्मा, पूर्व मंत्री बलबीर सिद्धू, डिप्टी मेयर कुलजीत बेदी, शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत शर्मा, श्री हिन्दू तख्त से अशोक तिवारी, सोनू सेठी, दविंदर कौर वालिया, बलजीत कौर व जसप्रीत कौर मोहाली के तीनों पार्षद, विशाल नेगी, डीएसपी संजीवन समेत कई शख्सियतें पहुंचीं। उन्हें सोसाइटी की ओर से सम्मानित किया गया।