कुराली के खिजराबाद में फिरनी का काम शुरू करवाते जगमोहन सिंह कंग और अन्य।
- फोटो : MOHALI
कुराली। हलके के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी तथा कंडी क्षेत्र की सड़कों की हालत को सुधार कर उनको नया रूप दिया जा रहा है। पूर्व मंत्री जगमोहन सिंह कंग ने गांव खिजराबाद की खस्ता हालत वाली फिरनी का काम शुरू करवाने के बाद यह बात कही।
इस संबंधी करवाए समागम को संबोधित करते हुए कंग ने कहा कि खिजराबाद की यह सड़क क्षेत्र के दर्जनों गांवों को ब्लॉक माजरी को चंडीगढ़ के साथ जोड़ती है। भारी वाहनों के गुजरने के कारण लोगों को काफी समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने कहा कि लगभग तीन किलोमीटर यह फिरनी गांव के बस स्टैंड से लेकर पटवार भवन तक आरसीसी से बनाई जाएगी जबकि इसके शेष हिस्से को प्रीमिक्स के साथ तैयार किया जाएगा। लाखों रुपये के इस काम को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। कंग ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को सड़क का काम समय पर पूरा करने की हिदायत की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
इसी दौरान यूथ कांग्रेस हलका खरड़ के प्रधान राणा कुशलपाल ने कहा कि गांव की यह फिरनी पिछले काफी समय से छप्पड़ का रूप धारण कर चुकी थी। उन्होंने कहा कि टिप्परों और अन्य भारी वाहनों के गुजरने के कारण पटवार भवन से लेकर गांव के बस स्टैंड तक की फिरनी का हिस्सा गांव वासियों के अतिरिक्त क्षेत्र के दर्जनों गांव वासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। उन्होंने कहा कि फिरनी की खस्ता हालत के कारण गांव के प्राइमरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चो को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गांव की फिरनी बनने से गांव वासियों और स्कूल जाने वाले बच्चो के अतिरिक्त दर्जनों गांवों के लोगों को भारी राहत मिलेगी। इसी दौरान सरपंच जसवीर कौर और अन्य ने कंग द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर शेर खान, गुरप्रीत कौर, जीवन कुमार, राय सिंह, सुखदेव सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।