डेराबस्सी। पहले जालंधर की लैब से बर्ड फ्लू संदिग्ध रिपोर्ट आने के बाद भोपाल की लैब से डेराबस्सी के गांव बेहड़ा के दो पोल्ट्री फार्मों की मुर्गियों में बर्ड फ्लू की रिपोर्ट होने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई कर इन प्रभावित मुर्गियों को मारने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसके लिए बनाई गई पांच-पांच सदस्यों की 25 टीम ने काम करना शुरू कर दिया है। इसके पहले दिन 11 हजार मुर्गियों को बेहोश करने के बाद जमीन खोदकर दबाया गया। जबकि दोनों पोल्ट्री फार्मों में 50 हजार से अधिक मुर्गियों को मारा जाना है। यह कार्रवाई अब आगे भी जारी रहेगी।
बता दें कि डेराबस्सी क्षेत्र के गांव बेहड़ा में स्थित अल्फा और रॉयल पोल्ट्री फार्मों की रिपोर्ट जालंधर लैब से 15 जनवरी को संदिग्ध आई थी। इसके बाद इनके सैंपल भोपाल लैब में भेजे गए थे। वहां से 20 जनवरी को इनकी रिपोर्ट बर्ड फ्लू पॉजिटिव आ गई थी। इसके बाद डीसी मोहाली गिरीश दियालन की ओर से बर्ड फ्लू को रोकने के लिए उक्त दोनों पोल्ट्री फार्मों की मुर्गियों को मारने के लिए पांच-पांच सदस्यों की 25 टीमों का गठन किया गया है। वहीं प्रभावित मुर्गियों को मारने की कार्रवाई शुरू करने के लिए शुक्रवार को सुबह से ही टीमें पूरी तैयारी के साथ पोल्ट्री फार्मों में पहुंच गई थीं। इन टीमों ने 11 हजार मुर्गियोें को फीड में बेहोशी की दवा दी और बिना किसी दर्द के बेहोश करने के बाद गर्दन मरोड़ कर मार दिया गया। इसके बाद मरी हुई मुर्गियों को बैग में भरकर जेसीबी से जमीन में गड्ढे खोदकर उसमें दबा दिया गया। डीसी ने कहा कि यह कार्रवाई अभी जारी रहेगी और बर्ड फ्लू प्रभावित 50 हजार मुर्गियों को मारा जाना बाकी है। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू को फैलने से रोकने के लिए टीम के हर सदस्य को पीपीई किट देने के अलावा कई तरह के प्रबंध किए गए हैं।