डेराबस्सी। डेराबस्सी के सेवा केंद्र में जन्म प्रमाणपत्र में नाम दर्ज कराने के लिए एक एजेंट ने 10 हजार रुपये मांगे हैं। इस आरोप के बाद सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। शिकायतकर्ता शिवम पवार के पिता जन्म प्रमाणपत्र में नाम दर्ज कराने सेवा केंद्र गए थे। कर्मचारियों ने पोर्टल में तकनीकी समस्या बताकर काम करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद एक एजेंट ने उनसे संपर्क कर काम के लिए 10 हजार रुपये की मांग की। शिवम पवार ने बताया कि उनके पास एजेंट के साथ हुई व्हाट्सएप बातचीत के सबूत हैं। उन्होंने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो और एसडीएम डेराबस्सी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। यदि शिकायत सही पाई गई तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।