डेराबस्सी। मुबारकपुर-पंडवाला रोड स्थित प्रसिद्ध कृष्णा मंदिर में बीती देर रात चोरी की वारदात हुई। एक अज्ञात चोर मंदिर से दानपात्र उखाड़कर उसमें जमा नकदी समेत फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मंदिर के प्रबंधकों और सेवादारों को सुबह पूजा के लिए पहुंचने पर चोरी का पता चला। दानपात्र गायब देखकर उन्होंने तुरंत डेराबस्सी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति देर रात मंदिर में घुसकर दानपात्र को जबरन उखाड़कर ले जाता दिख रहा है।
मंदिर कमेटी के सदस्यों के अनुसार, दानपात्र में पिछले कई दिनों से श्रद्धालुओं का चढ़ावा जमा था। हालांकि, चोरी हुई नकदी की वास्तविक राशि का अभी खुलासा नहीं हुआ है। डेराबस्सी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। घटना के बाद इलाके के लोगों और श्रद्धालुओं में रोष है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना चिंता का विषय है।