डेराबस्सी। क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन व गांव भांखरपुर में घग्गर नदी में बनाए अवैध पुल का मामला अमर उजाला में प्रमुखता से उठने के बाद प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आ गए हैं। गांव भांखरपुर में घग्गर नदी में बनाए अवैध पुल के खिलाफ मुबारिकपुर पुलिस को गांव की पंचायत, खनन विभाग व ड्रेनेज विभाग ने अलग-अलग शिकायतें देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सब डिविजन डेराबस्सी में अवैध खनन का गोरखधंधा जोर शोर चल रहा है। हलका डेराबस्सी में खनन माफिया नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम अवैध खनन कर रहा है। इसके बारे में स्थानीय लोगों की ओर से कई बार आवाज बुलंद करने के बाद प्रशासनिक अधिकारी खामोश बैठे थे।
खनन माफिया के हौसले बुलंद
अधिकारियों की खामोशी के चलते माफिया के हौसले बुलंद हो गए थे जो दिन-दिहाड़े अवैध खनन को अंजाम दे रहे थे। हद तो उस समय हो गई जब खनन माफिया की ओर से चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग के बिल्कुल साथ लगते गांव भांखरपुर मे घग्गर नदी में अवैध पुल बनाकर दिन-रात अवैध खनन चालू कर दिया था। इस संबंधी गांव भांखरपुर निवासियों ने कई बार शिकायत की परंतु प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई करने की बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया। इसके बाद गांव वासियों ने मामला अमर उजाला के ध्यान में लाया।
इस संबंधी मुबारिकपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक इंस्पेक्टर नरपिंद्र कुमार ने कहा कि इस बारे में खनन विभाग के एसडीओ लखवीर सिंह, गांव की पंचायत व ड्रेनेज विभाग की ओर से अलग-अलग तौर पर अवैध पुल व अवैध खनन की शिकायत दी गई है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक व्यक्ति का नाम सामने आया है जिस पर जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।