मोहाली! डेंगू की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के बावजूद अस्पतालों में मच्छरों की उत्पत्ति का खतरा बना हुआ है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फोर्टिस अस्पताल का निरीक्षण किया तो दो जगह डेंगू का लार्वा मिला। टीम ने मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि परिसर में किसी भी जगह पानी जमा न होने दिया जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। हर शुक्रवार, डेंगू पर वार अभियान के तहत की गई इस जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में मच्छरों के पनपने की संभावित जगहों का निरीक्षण किया। जांच में जिस टैंक में लार्वा मिला, उसे सप्ताह में कम से कम एक बार साफ करने के निर्देश दिए गए। जिला एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका सोनी ने अस्पताल के कर्मचारियों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है। तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द इसके प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा नियमित रूप से पानी की टंकियों और अन्य संभावित स्थानों की जांच करें।