सेक्टर-71 स्थित पैरागॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को डेंगू के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए एक प्रोग्राम का आयोजन किया गया। जिला एपीडीमोलॉजिस्ट डॉ. अतवार सिंह ने डेंगू बुखार के लक्षणों के बारे में विद्यार्थियों को बताया। उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिर दर्द, हड्डियों व जोडों का दर्द, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द डेंगू के लक्षण हैं। इसके अलावा हालत खराब होने पर आंखों से खून तक बह सकता है। उन्होंने कहा कि फेज-छह स्थित सरकारी अस्पताल में डेंगू का टेस्ट मुफ्त में किया जाता है। उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर कूलर में सबसे ज्यादा पनपता है। साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वह अपने आसपास को साफ रखे। साफ सुथरे टूटे पुराने बर्तनों, टायरों व गमलों में पानी इकट्ठा न होने दें। पानी की टंकियों को अच्छी तरह साफ रखें। उन्होंने बताया कि डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है। ऐसे में पूरी तरह शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। इस मौके पर स्कूल के स्टाफ के अलावा हेल्थ सुपरवाइजर निर्मल सिंह व बलजीत सिंह मौजूद थे।