साढ़े पांच सौ से अधिक डेंगू के मामले सामने आने के बाद मोहाली को संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर दिया गया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। जिक्रयोग है कि राज्य सेहत विभाग ने पटियाला, जालंधर और अमृतसर में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने के बाद संवेदनशील जिलों की श्रेणी में रखा है।
राज्य सेहत विभाग में डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते मामलों से हड़कंप मचा हुआ है। इस कारण सेहत विभाग ने अस्पताल में कार्यरत स्टाफ को छुट्टी के दिन भी ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए हैं। अहम बात यह भी है कि राज्य सेहत विभाग ने डेंगू के कारण हो रही मौत की पूरी जानकारी जुटाने और उसके पीछे प्रमुख कारणों को जानने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया है।
विभाग की ओर से लोगों की सुविधा के लिए 104 नंबर हेल्पलाइन पर चिकनगुनिया और डेंगू संबंधित जानकारी लेने के लिए 24 घंटे सुविधा को जारी रखा जाएगा। इस हेल्पलाइन नंबर पर किसी भी समय उक्त रोगों से संबंधित मरीज डाक्टर से सलाह ले सकते हैं। डेंगू मामलों के जिला नोडल अधिकारी अवतार सिंह के मुताबिक, पिछले कई दिनों से छुट्टी के दिन भी ड्यूटी पर मौजूद हैं। वह और उनकी टीम लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के साथ शिक्षण संस्थानों में जरूरी सावधानियों की जानकारी दे रही है।
मुफ्त होंगे चिकनगुनिया के टेस्ट
राज्य सेहत विभाग ने चिकनगुनिया का मेडिकल टेस्ट सरकारी अस्पताल में फ्री करने के निर्देश दिए हैं, जबकि मोहाली सहित राज्य के कई चुनिंदा अस्पतालों में चिकनगुनिया की मेडिकल टेस्ट किट मुहैया करा दी गई है। यह मेडिकल किट पुणे (महाराष्ट्र) से मंगाई गई है।