मोहाली। जहरीली शराब पीने से राज्य में हुई मौतों के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने प्रदर्शन किया। फेज 7 के चौक पर प्रदर्शन के दौरान आप वर्करों ने इन मौतों के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे कांग्रेस सरकार व शराब माफिया के गठजोड़ का भांडाफोड़ हुआ है।
राज्य में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी ने मोहाली में प्रदर्शन किया। राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पार्टी वर्कर फेज 7 के चौक पर जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री व शराब माफिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी महिला विंग की पंजाब प्रधान राज लाली भी प्रदर्शन के दौरान मौजूद रही।
उन्होंने कहा कि जहरीली शराब पीने से करीब 100 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदारी है। एक्साइज एवं टैक्सेशन विभाग खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास है, इसलिए वह अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। प्रदर्शनकारियों में गोबिंद मित्तल, गुरमेज सिंह, प्रभजोत कौर, मनदीप सिंह, जसपाल सिंह, जंग बहादर व डाक्टर सन्नी सहित अन्य शामिल थे।
कांग्रेस सरकार व शराब माफिया के गठजोड़ का हुआ भांडाफोड़
राज लाली ने कहा कि इस घटना से कांग्रेस सरकार व शराब माफिया के गठजोड़ का भांडाफोड़ हुआ है। वहीं, विनीत वर्मा ने कहा कि भले ही जहरीली शराब से यह मौतें अमृतसर, तरनतारन व बटाला में हुई हैं, लेकिन घटिया शराब राज्य में हर जगह बेची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की शह पर एक्साइज विभाग से मिलीभगत कर शराब माफिया पूरे राज्य में सक्रिय हैं।