जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति, तीन साल के बच्चे और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान तिलक राज उर्फ टिल्लू, अमन, हिमांशु, अमन की बहन, अमन की मां संतोष, हिमांशु की मां रीना और चार अज्ञात सभी निवासी आंबेडकर कॉलोनी के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि उनके बच्चे को थप्पड़ मारने के बारे में पूछने पर पड़ोसी ने रंजिश रखी थी और दो दिन बाद उन पर हमला कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में आंबेडकर कॉलोनी निवासी दीपिका पत्नी नूर मोहम्मद ने बताया कि वह सैलून में काम करती है। जब वह सैलून से छुट्टी कर रात करीब 9 बजे अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे तो तिलकराज टिल्लू, अमन, हिमांशु और 3- 4 उनके साथी गली में खड़े थे। जैसे ही वह अपने घर के नजदीक पहुंचे तो टिल्लू और अमन ने उसे गालियां निकालनी शुरू कर दी, जिस पर उसके पति नूर मोहम्मद ने विरोध किया तो उन्होंने उनके पति के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने कड़े पर कपड़ा लपेट कर उसके पति के सिर पर कई वार किए। जब वह नीचे गिर गए तो उन्होंने पति और उसे दोनों को पीटना शुरू कर दिया। इतनी देर में अमन की बहन, मां और हिमांशु की मां मौके पर पहुंची और उन्होंने भी हमारे साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। शोर सुनकर लोग इकट्ठे हो गए तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। इसके बाद महिला व उसके पति को ढकोली अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें दवाई देकर वापस भेज दिया।
शिकायतकर्ता दीपिका ने बताया के अगले दिन पति बेहोश हो गया तो उसे अस्पताल लेकर गए तो वहां से जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया। यहां डॉक्टरों उनके सिर का ऑपरेशन कर रहे हैं। दीपिका ने बताया कि दो दिन पहले उनका तीन साल का बच्चा गलती से पड़ोसी टिल्लू के घर चला गया तो उसने थप्पड मारकर घर से बहार निकाल दिया था। इसके बाद मेरे पति ने टिल्लू से पूछा तूने मेरे बेटे को थप्पड़ क्यों मारा अगर वह गलती से तेरे घर आ गया था तो उसे समझाकर वापस भेज देते। इसकी रंजिश के चलते उन्होंने हमारे साथ झगड़ा किया है। दीपिका ने बताया कि उसके पति को अभी तक होश नहीं आया है और वह बोलने के हालत में भी नहीं है। इसकी अलावा उसके तीन साल के बेटे के कान में भी डॉक्टरों ने समस्या बताई है और उसका भी इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद जांच कर दस लोगों के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल व मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।