मोहाली। प्रोग्रेसिव वेलफेयर एसोसिएशन ने डिप्टी कमिश्नर मोहाली को पत्र भेजकर मांग की है कि फेज-4 के पूर्व और वर्तमान पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने ब्लैकआउट के दौरान फेज-4 में लगाई गई सोलर लाइटों के कनेक्शन को काट दिया और दोबारा नहीं जोड़ा। एसोसिएशन के अध्यक्ष एचएएस कंवल ने लिखे पत्र में कहा है कि एसोसिएशन के प्रयासों से सांसद मनीष तिवारी ने अपने एमपीलैड फंड से वर्ष 2023 में फेज 4 मोहाली में विभिन्न स्थानों पर 23 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई थीं। पिछले दिनों भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान प्रशासन ने मोहाली में ब्लैकआउट लगा दिया था। इस दौरान फेज-4 क्षेत्र के मौजूदा और पूर्व नगर पार्षदों ने एसोसिएशन की अनुमति और जानकारी के बिना खुद ही इन सोलर लाइटों को बंद करने के लिए लाइटों के तारों को बैटरियों से काट दिया था। पत्र में मांग की गई है कि नगर निगम के वर्तमान व पूर्व पार्षदों को इन लाइटों को दोबारा चालू करवाने के निर्देश दिए जाएं तथा इससे संबंधित खर्च उनसे वसूला जाए।