भाजपा नेता ने गमाडा की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, मौके की जांच कर सार्वजनिक मार्ग बहाल करने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। सेक्टर 87/88 की स्लिप रोड पर कथित कब्जों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक आवागमन के लिए महत्वपूर्ण इस मार्ग को जल्द कब्जामुक्त कराने की मांग भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभा ने की है। उन्होंने गमाडा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मौके की जांच करवाकर सार्वजनिक रास्ता बहाल करने की मांग की।
उभा ने कहा कि उनकी पत्नी और नगर निगम मोहाली के वार्ड नंबर 41 की पार्षद गुरप्रीत कौर उभा ने यह मामला पहले ही गमाडा अधिकारियों, मेयर और नगर निगम प्रशासन के संज्ञान में लाया है। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी जमीन या सार्वजनिक सड़क पर कब्जा अथवा किसी तरह की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
गमाडा की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
उभा ने गमाडा में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सांसद मलविंदर सिंह कंग भी गमाडा से जुड़े मामलों में सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों की जांच जरूरी है।