मोहाली। डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर पंजाब प्रांत की मिनी राजधानी मोहाली को न्यूनतम 100 करोड़ रुपये ग्रांट देने की मांग की है। बता दें कि 16वें वित्त आयोग की बैठक कल मंगलवार को चंडीगढ़ में होने जा रही है। उन्होंने 16वें वित्त आयोग के चंडीगढ़ आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि चंडीगढ़ ट्राई सिटी का एक महत्वपूर्ण शहर मोहाली पंजाब की मिनी राजधानी के रूप में विकसित हुआ है और पंजाब प्रांत का आधे से ज्यादा राज्य स्तरीय दफ्तर और हैड क्वार्टर स्थित हैं। इसके बुनियादी ढांचे के विकास के लिए न्यूनतम 100 करोड़ रुपये ग्रांट दी जाए। इस पत्र की एक प्रति प्रधानमंत्री, भारत सरकार, वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री पंजाब, वित्त मंत्री पंजाब और स्थानीय निकाय विभाग, पंजाब के मंत्री को भेजी गई है।