मोहाली। बहुजन समाज पार्टी ने सोमवार को प्रदेश महासचिव ठेकेदार हरभजन सिंह बजहेड़ी के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने धरना दिया। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार की मौत से संबंधित मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सके। जिला अध्यक्ष हरकदास धालीवाल ने कहा कि एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की कथित आत्महत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह एक बेहद दुखद और गंभीर घटना है जो एक सभ्य सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है। अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले मृतक अधिकारी ने 2020 से लगातार हो रहे अत्याचारों और व्यवस्थागत उत्पीड़न का ब्योरा दिया है, जिसके चलते उन्हें आखिरकार यह कदम उठाना पड़ा।