मोहाली। 108 एम्बुलेंस टीम ने अपनी सूझबूझ से चलती एम्बुलेंस में एक महिला की डिलीवरी करवाई। सेक्टर-87 से सिविल अस्पताल मोहाली ले जाते समय एक गर्भवती अंशु कुमारी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मियों ने चलती एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया। एम्बुलेंस के ईएमटी विपेंद्र कुमार ने पूरी विशेषज्ञता के साथ डिलीवरी करवाई। पायलट रघुवीर सिंह ने एम्बुलेंस को सुरक्षित और तेजी से अस्पताल पहुंचाया। सीएल अमनदीप सिंह ने भी स्थिति को संभालने में टीम की मदद की। प्रसव के तुरंत बाद मां और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया गया। बताया गया कि यह महिला का दूसरा बच्चा है। 108 एम्बुलेंस के प्रोजेक्ट हेड मनीष बत्रा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि एम्बुलेंस में प्रसव कराना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन हमारी टीम ने फिर साबित किया कि वे हर परिस्थिति में मरीजों की जान बचाने के लिए तैयार हैं।