जीरकपुर। गोदाम क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कुछ लोगों ने मिलकर अमेजन के डिलीवरी बाॅय और उसके साथी पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में गुरजिंदर सिंह का दाहिना हाथ जबकि लाल बहादुर का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है। उनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल ढकोली में भर्ती कराया गया है। पुलिस को दिए बयान में पंचकूला के हरिपुर निवासी लाल बहादुर (34) ने बताया कि वह जीरकपुर के गोदाम इलाके में डिलीवरी का काम करता है। 14 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने साथियों के साथ मौजूद था।
इसी दौरान एक ढाबा संचालक करनैल सिंह सार्वजनिक स्थान पर शौच कर रहा था। उसके साथी सतीश कुमार ने उसको रोकने की कोशिश की। इस बात को लेकर करनैल सिंह भड़क गया और गाली-गलौच शुरू कर दी। लाल बहादुर के अनुसार, जब उसने और उसके साथी गुरजिंदर सिंह ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर दोनों को घेर लिया और बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि जगमीत सिंह उर्फ जग्गी ने गुरजिंदर सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। हमलावरों ने लाल बहादुर को भी बुरी तरह पीटा और उसका मोबाइल फोन, पर्स व पहचान पत्र छीन लिया। जाते समय आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने करनैल सिंह, उसके बेटे हरसिमरन सिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।