चंडीगढ़। कोरोना वायरस की वजह से शहर की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें परिवहन विभाग की सीटीयू बसों के लिए स्मार्ट रिचार्ज कार्ड की योजना भी शामिल है। अब तक सीटीयू की बसों में मेट्रो की तर्ज पर स्मार्ड कार्ड पेमेंट की व्यवस्था शुरू हो जानी थी, लेकिन कोविड की वजह से इसमें देरी हो रही है। हालांकि, विभाग ने अब इसका ट्रायल शुरू कर दिया है।
परिवहन विभाग के निदेशक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम के तहत शहरवासियों को कई सुविधाएं देनी हैं। इनमें ही यह स्मार्ट रिचार्ज कार्ड की योजना भी है। कोविड की वजह से इसके पार्ट मिलने में कुछ समस्या आ रही है। हालांकि, विभिन्न रूटों पर ट्रायल शुरू कर दिया गया है और लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। जैसे फूड कोर्ट में जाने पर रिचार्ज कार्ड बन जाता है, वैसे ही सीटीयू बसों के लिए यात्रियों का कार्ड बनेगा। इस कार्ड को सुविधा के अनुरूप रिचार्ज करवा कर शहरवासी टिकट ले सकेंगे।
बता दें कि प्रशासन ने इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम को लागू तो कर दिया है, लेकिन अभी इसके अंदर कई काम किए जाने बाकी हैं। इनमें तीन फेज के तहत सीटीयू की सभी बसों को ऑनलाइन ट्रैक करने की सुविधा दी जा रही है। आधी से ज्यादा बसों के लिए सुविधा दी जा चुकी है और जो बसें रह गई हैं, उनमें यह सुविधा दी जा रही है। इसके इलावा विभाग स्थायी कंट्रोल रूम पर भी काम कर रहा है, जिसका काम 20.53 लाख में पूरा किया जाना है।