चादरों की हालत काफी समय से खराब थी, कई जगह चादरें गल चुकी थीं, जिससे लोगों को हादसे की रहती थी संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। वार्ड नंबर सात के गांव काठगढ़ में लोगों की आवाजाही के लिए बने अस्थायी लोहे के पुल की मरम्मत की गई है। नगर परिषद जीरकपुर ने पुल पर लगी करीब 15 साल पुरानी जर्जर चादरों को बदलकर नई चादरें लगवाई हैं। इस मरम्मत से ग्रामीणों को आवाजाही में होने वाली परेशानी से राहत मिली है। पुरानी चादरें गलकर कमजोर हो चुकी थीं। इससे पुल पार करने वाले लोगों को हादसे का डर बना रहता था। स्थानीय निवासी सुरिंदर सिंह बावा, कुलविंदर सिंह, मनजीत सिंह, जगतार सिंह और मनिंदर सिंह ने बताया कि पुल की चादरों की हालत काफी समय से खराब थी। कई जगह चादरें गल चुकी थीं, जिससे लोगों को संभलकर पुल पार करना पड़ता था। यह समस्या वार्ड नंबर सात के आम आदमी पार्टी प्रभारी परमिंदर सिंह सोढ़ी के ध्यान में लाई गई। इसके बाद नगर परिषद के सहयोग से चादरें बदलवाने का काम पूरा हुआ।
अन्य समस्याओं के समाधान की योजना
गांव की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में पथ प्रकाश व्यवस्था लगवाने और नाले की सफाई करवाने की योजना है। नाले में कूड़ा फेंकने की समस्या रोकने के लिए नियमित रूप से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भेजने की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों ने पुल की मरम्मत के लिए नगर परिषद और परमिंदर सिंह सोढ़ी का आभार व्यक्त किया। उन्हें उम्मीद है कि गांव की अन्य बुनियादी समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा।