मोहाली। फेज-6 में झाड़ियों में पट्टियों में लिपटा नवजात का शव मिला है। पुलिस ने उसे उठाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उक्त बच्चा पूरे नौ महीने का है और कोई इसे यहां गिराकर चला गया। मामले की पुष्टि फेज-6 पुलिस चौकी इंचार्ज गुरमेहर सिंह ने की है।
जानकारी के मुताबिक फेज-6 स्थित शूटिंग रेंज के पास झाड़ियों में एक नवजात सफेद पट्टियों में लिपटा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नवजात को झाड़ियों में सफेद पट्टियों में लपेटकर कोई व्यक्ति फेंककर चला गया है। उसका पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल से डंप डाटा एकत्रित किया जा रहा है ताकि पता चल सके कि नवजात को कौन यहां रखकर गया है।