नयागांव। इलाके की पटियाला की राव नदी में एक कूड़े के ढेर से नवजात शिशु का शव मिला है। यह शव उस समय मिला जब नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सफाई कर रहे थे।सफाई कर्मचारी राजेंद्रा पार्क की साइड रखे कूड़े के कंटेनर बॉक्स को उठाकर पटियाला की राव नदी पर बने सैनिटेशन पॉइंट पर लेकर गए। जैसे ही जेसीबी चालक नरेश कुमार कूड़े का कंटेनर बॉक्स खाली करने लगा तो एक लाल रंग का बैग दिखाई दिया। संदेह होने पर चालक ने बैग को खोला तो उसमें पहले कुछ बाल दिखाई दिए, जब उसने पूरा बैग खोला तो उसमें मृत नवजात शिशु को देखकर वह चौंक गया। उसने तुरंत अधिकारियों को फोन पर सूचना दी। उनकी सूचना पर नयागांव और चंडीगढ़ की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नयागांव पुलिस ने शिशु को कब्जे में ले लिया। इस मामले में कईं सवाल उठ रहे हैं कि यह नवजात शिशु यहां पर किसी चंडीगढ़ या नयागांव के इलाके के किसी व्यक्ति ने यहां पर छोड़ा है। किसी अविवाहिता का, या विवाहित महिला का बच्चा है।