मोहाली। शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए, इसके साथ ही ब्लैक स्पाट को समयबद्ध ढंग से ठीक करवाया जाए। यह कहना है मोहाली की उपायुक्त आशिका जैन का। उन्होंने पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के इंजीनियरिंग विभाग को सिटी सर्विलांस एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम परियोजना के तहत इन कैमरों को लगाने का काम समय पर पूरा करने के लिए कहा है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित परियोजना नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कार्य 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। डिप्टी कमिश्नर ने गमाडा अधिकारियों से कहा कि अगर कोई रुकावट है तो उसे दूर करें और शेष 20 प्रतिशत कार्य भी पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने परियोजना प्रभारी अधिकारियों को एनआईसी के माध्यम से परियोजना को वाहन ऐप के साथ एकीकृत करने के लिए भी निर्देशित किया।
डिप्टी कमिश्नर ने ब्लैक स्पॉट को ठीक करने के लिए एनएचएआई, गमाडा, एमसी मोहाली, पीडब्ल्यूडी और एमसी जीरकपुर को 12 नवंबर तक बाकी काम पूरा करने का निर्देश दिया ताकि दैनिक यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा एनएचएआई के अधिकारियों को जीरकपुर चौक में बंद पड़ी लाइटों को तुरंत प्रभाव से चालू करने के साथ ही दैड़ी (बनूड़) टी पॉइंट पर नई लाइटें लगाने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम मोहाली के अधिकारियों को सभी बंद पड़ी लाल बत्ती को चालू करने का निर्देश दिए गए हैं। खासकर फेज- 9/10 और 10/11 फोर्टिस अस्पताल की लाइटें। गमाडा को निर्माणाधीन राउंड अबाउट को पूरा करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि राउंड अबाउट की सुचारू यातायात में महत्वपूर्ण भूमिका होगी, इसलिए इन्हें जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने समिति के गैर-सरकारी सदस्य हरप्रीत सिंह के अनुरोध को स्वीकार कर लिया कि छात्रों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के लिए सड़कों की ओर मुख किए हुए प्रवेश द्वार वाले स्कूलों का ऑडिट शुरू किया जाए। इस बैठक में एडीसी (ज) विराज एस तिड़के, आयुक्त एमसी मोहाली टी बेनिथ, एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर, एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप सिंह ढिल्लों, मुख्य अभियंता एमसी नरेश बत्ता, संयुक्त निदेशक लीड एजेंसी पंजाब राज्य सड़क सुरक्षा परिषद देस राज और अन्य हितधारक विभागों ने भाग लिया।