जीरकपुर। डीसी मोहाली ने शुक्रवार को शहर का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। धीमी गति से चल रहे कामों पर अधिकारियों व ठेकेदार को फटकार लगाकर डीसी ने कामों को जल्दी निपटाने के आदेश दिए और अवैध निर्माण जल्द तोड़ने के दिए निर्देश। डीसी मोहाली ने सबसे पहले वीआईपी रोड का दौरा किया और बरसाती पानी की निकासी के लिए डाली जा रही पाइप लाइन और इंटरलॉकिंग टाइल्स पर ठेकेदार से चर्चा की। उन्होंने टाइल्स की वर्क क्वालिटी पर कोई समझौता नही किया जाएगा और यदि ऐसा हुआ तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। इसके अलावा वीआईपी रोड पर सील की हुई बिल्डिंगों के मालिकों को काम बंद रखने के आदेश दिए और एक बिल्डिंग में किए अवैध निर्माण को तोड़ने के आदेश दिए।
डीसी मोहाली ने यह भी कहा कि यदि निर्माणकर्ता आदेशों के अनुसार अपनी अवैध बिल्डिंग खुद नही तोड़ेगा तो नगर परिषद उस बिल्डिंग को तोड़ेगा। इस दौरान डीसी मोहाली कोमल मित्तल ने लोगों से अपील की है कि वे नक्शे के उलट बिलकुल भी निर्माण कार्य ना करें और शहर को सुंदर बनाने में सहयोग करें। हैरानी की बात यह है कि डीसी मोहाली के वीआईपी रोड पर पहुंचने से पहले ही कई अवैध निर्माणकर्ताओं ने काम बंद कर दिया था।
अवैध निर्माण की बात मानी, सुधार करने के दिए आदेश
वीआईपी रोड पर मौजूद डीसी मोहाली ने बताया की वीआईपी रोड से काफी शिकायतें मिली हैं। उन्होंने शहर में सुधार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। डीसी मोहाली ने कहा कि अवैध निर्माणों को जल्द रोका जाएगा। इस दौरान उन्होंने सुखना चो की सफाई का दौरा भी किया और काम को जल्द पूरा करने के आदेश दिए। इसके अलावा अधिकारियों को सभी अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ बारबार कार्रवाई करने के आदेश दिए और कहा कि यदि किसी को लगता है कि कार्रवाई नहीं की जा रही है, तो उनके ध्यान मेें लाएं कार्रवाई होगी। इस दौरान डीसी मोहाली कोमल मित्तल के साथ एडीसी अनमोल सिंह, एसडीएम अमित गुप्ता, कार्यकारी अधिकारी जगजीत सिंह जज, एमई चरणपाल सिंह, एसडीओ सुख विंदर सिंह व जतिंदर सिंह बैंस के अलावा सेनेटरी विभाग की टीम भी मौजूद थी।