डीसी आशिका जैन ने मतदाताओं के लिए बाइकर्स रैली को हरी झंडी दिखाई
चुनाव के दिन मतदाताओं को सुविधा देंगी 500 से अधिक मोटरसाइकिलें
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। मतदान केंद्र तक मुफ्त में पहुंचना है तो आपको उपयोग करना होगा वोट नाऊ कोड, इस कोड का प्रयोग किया तो बाइक आएगी और आपको मतदान केंद्र तक छोड़ेगी और ले जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके माध्यम से मतदाताओं को मुफ्त सुविधा दी जाएगी। इसके लिए डीसी कार्यालय से एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस मौके पर मोहाली की जिला चुनाव अधिकारी आशिका जैन ने 50 से अधिक बाइक टैक्सी को हरी झंडी दिखाई। डीसी ने कहा कि चुनाव के दिन मतदाताओं को बूथ तक लाने और घर वापस पहुंचाने के लिए 500 से अधिक मोटरसाइकिलें होंगी। आशिका जैन ने कहा कि हम वोटरों की संख्या बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने के लिए रैपिडो के प्रयासों की सराहना करते हैं कि प्रत्येक पात्र मतदाता को परिवहन की चिंता किए बिना अपना वोट डालने का अवसर मिले। हमारा मानना है कि इस तरह की निजी-सार्वजनिक भागीदारी समाज पर बड़ा प्रभाव डाल सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों में एडीसी (जी) विराज एस तिड़के, एडीसी (यूडी) दमनजीत सिंह मान, एसडीएम एसएएस नगर दीपांकर गर्ग, एसडीएम खरड़ गुरमंदर सिंह, जिला नोडल अधिकारी (एसवीईईपी) प्रोफेसर गुरबख्शीश सिंह अंटाल, तहसीलदार चुनाव संजय कुमार शामिल थे।