बेटी के जेठ ने किया हमला, पिता-पुत्र घायल
सिर पर लगे चार-चार टांके, पुलिस ने जेठ और सास पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। चंडीगढ़ निवासी एक परिवार पर उनकी पुत्री के जेठ ने हथौड़ी से हमला कर दिया। इसमें पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए हैं। दोनों के सिर पर चार-चार टांके लगे हैं। इस संबंध में मटौर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान संतरा देवी (सास) और कुलदीप भार्गव (जेठ) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ निवासी मुकेश अपनी पत्नी मधु और बेटे रितिक के साथ बेटी सिमरन को ससुराल छोड़ने आए थे। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष से पहले हल्का-फुल्का मनमुटाव होने के कारण उनकी बेटी अभी ससुराल के बजाय उनके साथ रह रही थी। जब वह मोहाली बेटी के ससुराल पक्ष के घर पहुंचे तो आपसी बातचीत के दौरान बेटी के जेठ कुलदीप भार्गव ने उनके और उनके बेटे पर हथौड़ी से हमला कर दिया। इसमें उनके और बेटे के उन दोनों के सिर में चोट लगने के कारण दोनों के सिर पर चार-चार टांके लगे हैं। दोनों ही मोहाली के फेज-6 स्थित सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इसके अलावा उनकी पत्नी और बेटी को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। इस केस के जांच अधिकारी एएसआई लखविंदर सिंह ने कहा कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।