सिविल अस्पताल में घायल का इलाज करते डॉक्टर।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। थाना सोहाना के अंतर्गत गांव लखनौर में बुधवार दोपहर उस समय दशहत मच गई, जब अचानक एक एलपीजी गैस सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में दो लोग गंभीर जख्मी हो गए और दोनों को सिविल अस्पताल फेज-6 में दाखिल करवाया गया है। इस धमाके की जोरदार आवाज सुनकर सूचना के बाद सोहाना थाने के पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के मुलाजिम पहुंच गए। यहां आने पर उन्हें पता चला कि यह धमाका गैस का सिलिंडर फटने से हुआ है।
इस हादसे में घायल दोनों पीड़ितों की पहचान मोहम्मद साकिब और रामू के रूप में हुई है। थाना सोहाना के एसएचओ भगवंत सिंह ने बताया कि सिलिंडर फटने के कारण का पता किया जा रहा है। इसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुुताबिक मोहम्मद साकिब की लखनौर में बर्तनों की दुकान है। बताया जा रहा है कि यहां पर बड़े गैस सिलिंडरों से छोटे गैस सिलिंडरों में गैस भरी जाती है। जिस समय दोपहर को यह हादसा हुआ उस समय मोहम्मद कहीं से एक्टिवा पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे ही थे कि अचानक एक गैस सिलिंडर फट गया और जोरदार धमाका हुआ। इसमें मोहम्मद साकिब और उसका नौकर रामू पूरी तरह झुलस गए। जबकि वहीं पर मौजूद मोहम्मद की पत्नी आग की चपेट में आने से बच गई। इस क्षेत्र में नजदीक ही बीएसएफ का कैंप है। थाना सोहाना के एसएचओ भगवंत सिंह ने बताया कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं।