मोहाली। सेक्टर-71 में स्थित पैरागॉन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में युवक सेवाएं विभाग मोहाली की ओर से अलग-अलग मुकाबले करवाए गए। कली गायन, वार गायन, लोकगीत गायन, कविशरी गायन मुकाबलों में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ूआं पहले स्थान पर रही। दो दिवसीय मुकाबलों के समापन पर आम आदमी पार्टी के मुख्य वक्ता मालविंदर सिंह कंग ने शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को इनाम देकर सम्मानित किया। ग्रुप सांग मुकाबलों में श्री गुरु गोबिंद सिंह विद्या मंदिर रतवाड़ा साहिब ने पहला स्थान हासिल किया। भांगड़ा, गिद्दा व गतका मुकाबलों में अलग-अलग यूनिवर्सिटी, स्कूल, कॉलेज व यूथ क्लब के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इन मुकाबलों का परिणाम शुक्रवार को आएगा। दो दिवसीय लोक गीत को समर्पित जिला स्तरीय युवक मेले का उद्घाटन जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर ने किया था। इस कार्यक्रम में लगभग पांच हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस मेले में जिला नोडल आफिसर स्विप प्रो. गुरबख्शीश सिंह अनटाल की अगुवाई में वोटर जागरुकता का सपना देने के लिए ईवीएम और वीवी पैट की ट्रेनिंग भी दी गई। इस मौके संगरूर के सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं अरूण कुमार, फतेहगढ़ साहिब के एकमजीत सिंह चीमा, जालंधर से जसपाल सिंह व पटियाला के सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं डॉ. दिलवर सिंह भी उपस्थित रहे।
राज्य को रंगला पंजाब बनाने की है कोशिश
मालविंदर सिंह कंग ने बताया कि पंजाब के सीएम कला क्षेत्र से जुड़े हैं। उनका सपना है कि पंजाब को दोबारा रंगला पंजाब बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी इन मुकाबलों में विजेता रहे हैं। वह आगे स्टेट लेवल पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। शाम की सभा में इनाम बांटने की रस्म जिला परिषद के सचिव प्रितपाल सिंह ने निभाई।