मोहाली। वीआईपी सिटी के नए बस स्टैंड पर सवारियों के लिए सीटीयू व ऑटो चालक आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक ऑटो ड्राइवर व क्लीनर को चोटें भी आईं। ऑटो ड्राइवर को यूनियन के प्रधान का भाई बताया जा रहा है। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दे दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार सुबह फेज-6 पुलिस चौकी बुलाया है, ताकि पूरा मामला सामने आ सके।
मोहाली के फेज-6 में नए बस स्टैंड पर सवारियों को लेकर सीटीयू व ऑटो चालकों के बीच बहस रोज का काम है। अगस्त में सीटीयू की बसें शुरू हो जाने के बाद से ऑटो चालकों को जीरकपुर, चंडीगढ़, खरड़, लांडरां जाने वाली सवारियां मिलना लगभग बंद सा हो गया है। इसी कारण ऑटो चालकों व सीटीयू की बसों के कर्मचारियों की बीच बहस कई दिनों से चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह सवारियों को लेकर सीटीयू बस के ड्राइवर व कंडक्टर के साथ ऑटो चालकों की बहस हुई थी। कुछ ऑटो चालकों ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे सीटीयू के 14-15 लोग बस स्टैंड पहुंचे। सवारियों को लेकर फिर से ऑटो चालकों व सीटीयू के स्टाफ के बीच बहस हुई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। बताया जाता है कि ऑटो यूनियन के प्रधान बलकार सिंह के भाई अवतार सिंह को चोटें भी आई हैं। पुलिस को शिकायत भी अवतार सिंह ने ही दी है। इसके अलावा अपने पिता के साथ क्लीनर का काम करने वाले भोला नाम के किशोर भी घायल हुआ है। किसी के घायल होने की पुष्टि अभी तक पुलिस ने नहीं की है। इस मामले पर फेज-6 चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर सीटीयू के स्टाफ व ऑटो चालकों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामला साफ होगा।