जीरकपुर में अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
जीरकपुर। अकाली दल के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल की अंतिम यात्रा चंडीगढ़ अकाली दल के दफ्तर से शुरू की गई थी। चंडीगढ़ में अकाली दल के दफ्तर में उनके पार्थिव शरीर को दर्शनों के लिए रखा गया था। करीब एक बजे काफिले के रूप में पार्थिव शरीर को बादल गांव के लिए रवाना किया तो करीब दो बजे उनका पार्थिव शरीर जीरकपुर पहुंचा। अंतिम दर्शन करने के लिए छत लाइट प्वाइंट पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके चलते पार्थिव शरीर के साथ गाड़ी में मौजूद अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने पांच मिनट के लिए यात्रा को रोककर लोगों का अभिवादन किया और पांच मिनट बाद यात्रा को आगे राजपुरा की तरफ रवाना कर दिया गया। काफिले में करीब 100 गाड़ियां थीं। छत लाइट प्वाइंट पर यात्रा को निकालने के लिए दोनों तरफ का ट्रैफिक पांच मिनट के लिए रोक दिया गया था। हालांकि कुछ देर जाम लगा लेकिन दिग्गज नेता की अंतिम यात्रा में किसी तरह की बाधा न आए इसलिए लोगों ने खुद ही अपने वाहन पीछे ही रोक लिए थे। दो बजकर पांच मिनट पर यात्रा को आगे रवाना किया गया। इस दौरान लोगों ने फूलों की बरसात कर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। संवाद